मुंबई में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने मुंबई की सड़कों की हालत खराब कर दी है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसकी वजह से रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को मुंबई और रायगढ़ के लिए अगले तीन घंटे का रेड अलर्ट जारी किया। विभाग के अनुसार, शनिवार रात से अब तक शहर के कुछ इलाकों में 250 से 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। आने वाले समय में भी मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के बीच नवी मुंबई के बेलापुर में एक जर्जर इमारत की बालकनी गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मुंबई के घाटकोपर के विक्रांत सर्कल इलाके में तेज बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ उखड़कर कई कारों पर गिर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही बीएमसी को पेड़ की खराब हालत की जानकारी दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना में चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
भारी बारिश के कारण ठाणे के कई इलाकों में भी जलभराव देखने को मिला, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन बिना किसी रुकावट के जारी रहा। हाल ही में साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरकर एक व्यक्ति की मौत के बाद एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर साल मानसून में ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता। मृतक के परिवार ने भी बीएमसी को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजे और खुले मैनहोल को सुरक्षित ढंग से ढकने की मांग की है।