Google अपनी बहुप्रतीक्षित Pixel 11 सीरीज को ग्लोबल मार्केट के साथ भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है। इस नई लाइनअप में कंपनी चार स्मार्टफोन- Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold पेश कर सकती है। लॉन्च से पहले सामने आई रिपोर्ट्स में इन डिवाइसेज की संभावित कीमत और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी सामने आ चुकी है। अगर आप भी नया Pixel स्मार्टफोन खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो लॉन्च से पहले जान लें कि Pixel 11 सीरीज में क्या खास मिल सकता है और भारत में इसकी कीमत कितनी हो सकती है।
Pixel 11 सीरीज की संभावित कीमत
भारत में Google Pixel 11 की शुरुआती कीमत करीब 90,000 रुपये हो सकती है। यह पिछले साल लॉन्च हुए Pixel 10 की शुरुआती कीमत से करीब 10,000 रुपये ज्यादा बताई जा रही है। वहीं, Pixel 11 Pro की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये से शुरू होने की उम्मीद है। Pixel 11 Pro XL की शुरुआती कीमत करीब 1.35 लाख रुपये हो सकती है, जो पिछले मॉडल की तुलना में लगभग 10,000 रुपये अधिक होगी। फोल्डेबल मॉडल Pixel 11 Pro Fold की शुरुआती कीमत करीब 1.87 लाख रुपये होने की संभावना है। इसके पिछले मॉडल की शुरुआती कीमत 1,72,999 रुपये थी।हालांकि, ये सभी कीमतें फिलहाल संभावित हैं। कंपनी लॉन्च इवेंट के दौरान आधिकारिक कीमतों का ऐलान करेगी।
Tensor G6 प्रोसेसर से लैस हो सकती है सीरीज
Pixel 11 सीरीज में Google का नया Tensor G6 प्रोसेसर देखने को मिल सकता है। इसके साथ सिक्योरिटी के लिए Titan M3 चिप दी जा सकती है। अलग-अलग मॉडल्स में 12GB और 16GB तक RAM मिल सकती है, जबकि स्टोरेज 256GB से शुरू होने की उम्मीद है। Pixel 11 Pro XL और Pro Fold में 1TB तक स्टोरेज का विकल्प मिल सकता है।
स्टैंडर्ड Pixel 11 में 6.3 इंच का OLED डिस्प्ले मिल सकता है। इसमें 120Hz एडैप्टिव रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलने की उम्मीद है। फोन में 4,985mAh की बैटरी दी जा सकती है, जो 30W वायर्ड चार्जिंग और Qi2 वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट कर सकती है। कैमरा सेटअप में 48MP प्राइमरी और 13MP अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की संभावना है।
Pixel 11 Pro में 6.3 इंच का LTPO OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जो 1Hz से 120Hz तक का एडैप्टिव रिफ्रेश रेट सपोर्ट कर सकता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,600 निट्स तक हो सकती है। फोन में 4,850mAh की बैटरी और 30W चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। कैमरे की बात करें तो इसमें 50MP प्राइमरी, 48MP अल्ट्रावाइड और 48MP 5x टेलीफोटो कैमरा वाला ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है। इसमें 120x Pro Zoom सपोर्ट भी मिलने की बात सामने आई है।
सीरीज के बड़े मॉडल Pixel 11 Pro XL में 6.8 इंच का LTPO OLED डिस्प्ले मिल सकता है। इसमें 3,600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस और 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है। फोन में 5,115mAh की बैटरी दी जा सकती है, जो 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट कर सकती है। कैमरा सेटअप Pixel 11 Pro जैसा ही होने की संभावना है।
Google का फोल्डेबल फोन Pixel 11 Pro Fold इस सीरीज का सबसे प्रीमियम मॉडल हो सकता है। इसमें 8 इंच का 120Hz इनर डिस्प्ले और 6.4 इंच का 120Hz कवर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। फोन में 4,806mAh की बैटरी, 30W चार्जिंग और Qi2 सपोर्ट दिया जा सकता है। स्टोरेज के लिए इसमें 1TB तक का विकल्प मिलने की संभावना है। कैमरा सेटअप की बात करें तो Pixel 11 Pro Fold में 48MP प्राइमरी, 10.5MP अल्ट्रावाइड और 10.8MP 5x पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिल सकता है।
कब होगा Pixel 11 सीरीज का लॉन्च?
Google Pixel 11 सीरीज का लॉन्च इवेंट 12 अगस्त को दोपहर 3 बजे EST पर होगा। भारतीय समय के अनुसार यह 13 अगस्त को सुबह 3:30 बजे होगा। लॉन्च इवेंट में कंपनी चारों मॉडल्स की कीमत, उपलब्धता और लॉन्च ऑफर्स से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा कर सकती है।