शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्ट किया कि आग लगने की घटना मंत्रालय के कार्यालय में नहीं, बल्कि स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) के परिसर में हुई थी। मंत्रालय ने बताया कि उसका कार्यालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली में स्थित है, जबकि आग की घटना आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में हुई।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, आग मामूली थी और उस पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) ने भी अपनी शुरुआती जानकारी में सुधार करते हुए कहा कि आग शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में नहीं, बल्कि आईटीओ के पास स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में लगी थी।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, आग लगने की सूचना सोमवार सुबह करीब 10 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां, 3 एंबुलेंस, 2 पीसीआर वैन, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने का अभियान तुरंत शुरू किया गया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दिल्ली फायर सर्विस ने कहा कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और न ही किसी तरह की जनहानि हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और भवन में कहीं भी आग सक्रिय नहीं है।