Stock Market: लगातार चौथे सत्र में सोमवार को शेयर बाजार सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट जारी रही। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे नाजुक संघर्ष विराम को लेकर अनिश्चितता के बीच एफएमसी, वित्तीय और ऑटो शेयरों में भारी बिकवाली ने बाजार को नीचे खींच लिया।
विदेशी निधियों की भारी निकासी और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से निवेशकों का मनोबल और भी गिर गया। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 3.34 प्रतिशत बढ़कर 94.16 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 508 अंक गिरकर 74,267 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 165 अंक टूटकर 23,382 पर बंद हुआ। सेंसेक्स बाजार में हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयर रहे, जबकि टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड और एचसीएल टेक फायदा कमाने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
क्षेत्रीय स्तर पर आईटी और धातु शेयरों को छोड़कर, बिजली, रियल एस्टेट, पूंजीगत सामान, बैंक, एफएमसीजी, वित्तीय सेवाएं और ऑटो शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग बढ़त के साथ जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोप के बाजार सोमवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़कर बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को करीब 21,106 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।