मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा दे रहा है। दीपोत्सव में जलने वाला हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसान की उपज और किसी परिवार की आजीविका को नया प्रकाश दे रहा है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दीपोत्सव की महत्ता बताई।
2017 से पहले नहीं हुआ स्थानीय लोगों की समृद्धि का प्रयास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या में ऐसा प्रकाश नहीं था। रामनगरी की सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने के लिए कोई पहल नहीं की गई थी। आस्था की ताकत को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का भी अभाव था।
दीपोत्सव से लाखों लोगों को मिल रहे काम और कारोबार के अवसर
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस अंधकार को दूर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से जगमगाने वाला भव्य दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम और कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दीये से रामनगरी जगमगाती है, उसी से किसी मेहनतकश परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जागती है। दीपोत्सव आस्था के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका और आर्थिक समृद्धि को भी मजबूत कर रहा है।