रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे। यहां जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने उनका स्वागत किया। जापान के रक्षा मंत्रालय पहुंचने पर राजनाथ सिंह को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
राजनाथ सिंह विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ भारत-जापान के बीच होने वाली चौथी विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक यानी ‘2+2’ में हिस्सा लेने के लिए जापान गए हैं। टोक्यो पहुंचने पर भारत की राजदूत नगमा मलिक और डिप्टी चीफ ऑफ मिशन मधु सूदन ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों का स्वागत किया।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विदेश मंत्री के टोक्यो पहुंचने की जानकारी साझा की। जयशंकर इस दौरे में भारत-जापान विदेश मंत्रियों की 19वीं रणनीतिक बातचीत में भी शामिल होंगे।
रक्षा और रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
इस बैठक में भारत की ओर से राजनाथ सिंह और एस. जयशंकर हिस्सा लेंगे, जबकि जापान की तरफ से रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल होंगे। दोनों देशों के मंत्री रक्षा और रणनीतिक संबंधों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करेंगे।
बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियमों पर आधारित बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।
रक्षा तकनीक और समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर जोर
राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइजुमी के बीच द्विपक्षीय बातचीत भी होगी। साल 2026 में दोनों रक्षा मंत्रियों की यह तीसरी मुलाकात है। इससे पहले अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में फिलीपींस के सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी।
इस बार बातचीत में रक्षा तकनीक और उपकरणों के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का दायरा बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहेंगे। इसके अलावा दोनों देश रक्षा उद्योग से जुड़े संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह के इस दौरे का मकसद भारत और जापान के रक्षा संबंधों को नई मजबूती देना है। साथ ही दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियों और रक्षा उद्योग में आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने की रूपरेखा तैयार करना भी एजेंडे में शामिल है।
भारत-जापान के रिश्तों को और मजबूत करने की उम्मीद
जापान रवाना होने से पहले राजनाथ सिंह ने इस दौरे को लेकर उम्मीद जताई थी कि दोनों देशों के बीच उपयोगी बातचीत होगी। उन्होंने कहा था कि भारत और जापान के संबंध आपसी भरोसे, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र एवं नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा सोच पर टिके हैं।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा था कि बैठक के दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही तकनीक, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के नए रास्तों पर विचार होगा।