दुनियाभर में मशहूर जापानी मंगा 'नारुतो' पर बनने वाली लाइव-एक्शन फिल्म के लिए कास्टिंग शुरू हो गई है। फिल्म बनाने वाली कंपनी लायंसगेट ने नारुतो, सासुके और साकुरा के किरदार निभाने वाले कलाकारों की तलाश दुनिया भर में शुरू कर दी है।

पहले इन तीन मुख्य किरदारों के लिए कलाकार चुने जाएंगे, इसके बाद बाकी भूमिकाओं के लिए कास्टिंग होगी।



फिल्म का निर्देशन डेस्टिन डैनियल क्रेटन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'नारुतो' ने दुनिया भर के लाखों लोगों को प्रेरित किया है। अब इस कहानी को पहली बार लाइव-एक्शन फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर लाना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि वह टीम 7 के लिए नए कलाकारों की तलाश शुरू होने को लेकर काफी उत्साहित हैं।

'नारुतो' के रचयिता मसाशी किशिमोटो ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनकी कहानी का हॉलीवुड फिल्म बनना किसी सपने के सच होने जैसा है। अब उन्हें उन कलाकारों का इंतजार है, जो उनके मशहूर किरदारों को बड़े पर्दे पर जीवंत करेंगे। लायंसगेट ने फरवरी 2024 में इस लाइव-एक्शन फिल्म की घोषणा की थी। 'नारुतो' की 25 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं और यह मंगा 60 से अधिक देशों में प्रकाशित हो चुकी है। 'नारुतो' की कहानी उज़ुमाकी नारुतो नाम के एक युवा निंजा की है, जिसका सपना अपने गांव का सबसे बड़ा और सम्मानित नेता होकागे बनना है।