Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दो दिन अयोध्या में रहेंगे सीएम योगी, दीपोत्सव में करेंगे रामलला का राजतिलक और दीप प्रज्ज्वलन

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन शनिवार और रविवार को रामनगरी में रहेंगे। इस दौरान सीएम योगी भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के स्वागत, राजतिलक, पुष्पवर्षा और दीप प्रज्ज्वलन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी में अयोध्या में आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा।

झांकियों का अवलोकन करेंगे सीएम योगी

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद तीनों स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

राम की पैड़ी पर करेंगे सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन

रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां वह मां सरयू की आरती करेंगे और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राम की पैड़ी पर दीपों की रोशनी के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा दिखाई जाएगी। इसके साथ ही भव्य ड्रोन शो और लेजर शो का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से लोगों को संबोधित भी करेंगे।

हरित आतिशबाजी और रामलीला का भी लेंगे आनंद

इसके बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। हरित आतिशबाजी के बाद वह दोबारा रामकथा पार्क पहुंचेंगे और रामलीला का मंचन देखेंगे। रात में मुख्यमंत्री का सरयू अतिथि गृह में विश्राम प्रस्तावित है।

दसवें दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के घाटों पर दीपों की जगमगाहट, रामलीला, सरयू आरती, लेजर शो और ड्रोन शो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रामनगरी एक बार फिर भव्य दीपोत्सव की साक्षी बनेगी।