देवरिया के पूर्व सांसद और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने दिवंगत के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर देवरिया जिले के बरपार स्थित श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और पुष्पचक्र चढ़ाकर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना भी की।

इस दौरान सीएम योगी ने उनके पुत्र और देवरिया से वर्तमान सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। बता दें कि पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
