यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को उत्तर प्रदेश सरकार 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। वहीं हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यह घोषणा की। यह हादसा जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 33वें किलोमीटर के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। बस में अचानक आग लग गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बस का रजिस्ट्रेशन नंबर BR32PA8647 था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिस बल, रेस्क्यू वाहन और फायर सर्विस की चार यूनिट मौके पर पहुंचीं। टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया और बचाव अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने बस से 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, बस के अंदर जाने पर नौ लोग मृत मिले। अधिकारियों के मुताबिक, इन लोगों की मौत जलने और दम घुटने से हुई।
जेवर पुलिस मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हादसे के संबंध में चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में स्पार्क या धमाका हुआ, जिससे इंजन का लुब्रिकेंट ऑयल आग की चपेट में आ गया। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।