उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। बुधवार को बुलंदशहर के स्याना में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इन दलों ने लंबे समय तक वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी और जनता के हितों को पीछे रखा।
ब्रजेश पाठक ने राम मंदिर और प्रभु श्रीराम का जिक्र करते हुए विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले रोजा इफ्तार के कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर उत्साहित रहते थे, वे आज प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की बात कर रहे हैं। प्रभु श्रीराम सभी के हैं और करुणा व क्षमा के प्रतीक हैं। हालांकि, उनसे माफी मांगने का भी एक तरीका होता है। इसके लिए दिखावे के बजाय सच्ची श्रद्धा, भाव और आचरण जरूरी है।
सपा सरकार में माफियाओं का था दबदबा: ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं का दबदबा था। उस दौर में एक जिला, एक माफिया जैसी स्थिति बन गई थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। आज प्रदेश में गुंडों और माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार की प्राथमिकता कानून का राज कायम रखना और आम लोगों को भयमुक्त माहौल देना है।
विकसित भारत और उत्तर प्रदेश बनाना लक्ष्य
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार राष्ट्र प्रथम, जनसेवा और सबका साथ-सबका विकास है। वहीं, उन्होंने सपा, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों पर जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
बुलंदशहर की ऐतिहासिक विरासत का किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यह जनपद भारत की सनातन संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी महत्वपूर्ण विरासत रखता है। यहां के लोगों ने धर्म और संस्कृति की रक्षा में हमेशा अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आज देश आत्मनिर्भरता, सुशासन, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि जनता अब जाति और धर्म की राजनीति के बजाय विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है। विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।