राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का नया उपराज्यपाल (Lieutenant Governor) नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन ने बताया कि दिनेश शर्मा की नियुक्ति उनके पद का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। अपनी नियुक्ति पर दिनेश शर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
दिनेश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि संविधान, देश और जनता की सेवा की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने शुभचिंतकों और देशवासियों से मिले समर्थन और आशीर्वाद के लिए भी धन्यवाद दिया। 62 वर्षीय दिनेश शर्मा इससे पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम के तौर पर काम किया। इससे पहले वह लखनऊ के मेयर भी रह चुके हैं।
इसके बाद दिनेश शर्मा राज्यसभा पहुंचे। उन्हें 2023 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की उपचुनाव सीट के लिए बीजेपी उम्मीदवार बनाया गया था। वह निर्विरोध चुने गए और राज्यसभा सांसद बने। उनका राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होना था। वह राज्यसभा के उपसभापति के पैनल में भी शामिल रहे हैं। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह एक केंद्र शासित प्रदेश है। यहां उपराज्यपाल प्रशासन के संवैधानिक प्रमुख होते हैं। दिनेश शर्मा अब इस जिम्मेदारी को संभालेंगे।