उत्तराखंड के देहरादून में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सहसपुर थाना क्षेत्र के खुशालपुर और जस्सोवाला गांवों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई और वहां बने अवैध मकानों व अन्य निर्माण को ध्वस्त किया गया। देहरादून SSP कार्यालय के मुताबिक, अभियान के दौरान 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सरकारी जमीन पर उनके द्वारा बनाए गए मकान और अन्य अवैध ढांचे बुलडोजर से गिरा दिए गए।
पुलिस ने बताया कि संयुक्त टीम ने 10 ऐसे आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की, जो कथित तौर पर अलग-अलग आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए उनके अवैध निर्माण भी ध्वस्त किए गए। पुलिस के अनुसार, इन 10 आरोपियों के खिलाफ पहले भी गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। उन पर नशे की तस्करी, चोरी, गोवंश हत्या और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण कानून से जुड़े कई मामलों समेत अन्य अपराधों के केस दर्ज हैं। प्रशासन और पुलिस ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।