Breaking News

ग्रेटर नोएडा में खुलेगा दिल्ली-NCR का पहला लुलु हाइपरमार्केट, आज दोपहर होगा उद्घाटन     |   दिल्ली के JLN स्टेडियम में आज होगा वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल इवेंट     |   मेक्सिको के प्रशांत तट पर तूफान ट्रूडी का खतरा, कई इलाकों में हरीकेन वॉर्निंग जारी     |   अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती का जवाब- किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लेंगे     |   ग्वालियर: ट्रक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक     |  

अक्षय कुमार ने CM धामी से की मुलाकात, उत्तराखंड की फिल्म पॉलिसी पर हुई चर्चा

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान राज्य की फिल्म नीति और उत्तराखंड में फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने के मुद्दे पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और निवेश के अनुकूल नीतियां इसे फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक जगह बनाती हैं।

राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है। इसके लिए फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मसूरी और लैंडोर में शूटिंग कर रहे अक्षय कुमार

अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड में अपनी आगामी कॉमेडी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें अभिनेत्री राशि खन्ना के साथ मसूरी और लैंडोर इलाके में देखा गया था। बताया जा रहा है कि दोनों अनीस बज्मी के निर्देशन में बन रही फिल्म के एक गाने की शूटिंग कर रहे हैं।

उत्तराखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से साझा की गई तस्वीरों में अक्षय कुमार और राशि खन्ना बाजार में घूमते नजर आए। एक अन्य तस्वीर में अक्षय पुल पर मोटरसाइकिल चलाते दिखाई दिए। यह पहली बार होगा जब अक्षय कुमार और राशि खन्ना एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म के नाम और अन्य जानकारियों का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।

सात दिन में शूटिंग की अनुमति देने की व्यवस्था

उत्तराखंड सरकार फिल्म नीति 2024 के तहत राज्य में फिल्म निर्माण को आसान बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम के जरिए शूटिंग की अनुमति देने की प्रक्रिया को सरल और तेज किया जा रहा है।

राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया के तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति दिलाने की व्यवस्था है। इससे फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग सरकारी विभागों से मंजूरी लेने में आसानी होगी। सरकार को उम्मीद है कि फिल्म निर्माण बढ़ने से राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

‘हैवान’ में नजर आए थे अक्षय कुमार

अक्षय कुमार पिछली बार निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में नजर आए थे। इस फिल्म में सैफ अली खान भी मुख्य भूमिका में थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।