लखनऊ के 1090 चौराहे पर बुधवार को 'योगी की पाती' प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम 'रंग दे बसंती' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बॉलीवुड, भोजपुरी और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। कलाकारों ने गीत और नृत्य के जरिए 2017 से पहले और उसके बाद उत्तर प्रदेश में आए बदलावों को पेश किया। कार्यक्रम की थीम 'डर से आजादी' रही।

गोमती किनारे लगी 'योगी की पाती' प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प, संवाद और संवेदना से जुड़े प्रयासों को देखा। कई लोगों ने अपने विचारों और भावनाओं को कैनवास पर लिखकर इस पहल की सराहना भी की।
गीत-नृत्य के जरिए दिखाया नए उत्तर प्रदेश का बदलाव

कार्यक्रम में वैशाली ने एकल गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं 'रंग दे बसंती' के स्थानीय वालंटियर्स ने गीत और नृत्य के माध्यम से 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और योगी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलावों को दर्शाया। खुशी और उनकी टीम ने राजस्थानी, गुजराती और डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। संगीत में पप्पू ने ऑर्गन, अंगद राम शर्मा ने नाल और अन्नू ने पैड पर संगत की।
एसपी चौहान के भोजपुरी गीतों पर झूमे दर्शक

भोजपुरी लोकगायक एसपी चौहान ने गणेश वंदना 'करी वंदना पूजीं तोहके-सुन ल श्री गणेश' से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने गीतों के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार के कामकाज को पेश किया।
उनके गीत 'केंद्र में पीएम मोदी, यूपी में सीएम योगी, भाजपा के सुंदर बा शासनवा हमरे यूपी में' के जरिए नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर दिखाई गई। वहीं 'भारत से जे टकराई उ जाई अपने जान से' जैसे गीत ने देशभक्ति का माहौल बनाया। आम के मंजर से जुड़े गीतों पर पूर्वांचल के लोग भी झूमते नजर आए।
मुंबई के कलाकार अंश की लाइव बैंड प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम का एक खास आकर्षण मुंबई से आए गायक अंश और उनकी टीम की लाइव बैंड प्रस्तुति रही। अंश ने बॉलीवुड के कई लोकप्रिय गाने सुनाए। उनकी प्रस्तुति ने 1090 चौराहे से गुजर रहे राहगीरों को भी रुककर कार्यक्रम देखने पर मजबूर कर दिया।

उन्होंने 'अल्फाज ही नहीं', फिल्म 'धुरंधर' के गाने और 'तुझको देखूं' जैसे गीतों से युवाओं, खासकर जेन जी के बीच माहौल बना दिया। उनके साथ आदित्य ने ऑर्गन, ऋषभ ने ड्रम और शहनवाज ने गिटार पर संगत की।
इस तरह 'रंग दे बसंती' की सांस्कृतिक शाम में लोकसंगीत, बॉलीवुड धुनों और देशभक्ति के गीतों का संगम देखने को मिला। वहीं 'योगी की पाती' प्रदर्शनी के जरिए लोगों को मुख्यमंत्री के संवाद और जनभागीदारी से जुड़ने का अवसर भी मिला।