Breaking News

इंडियन नेवी को GRSE से गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट और एंटी-सबमरीन वॉटरक्राफ्ट मिले     |   ‘राजनीतिक इच्छाशक्ति से नक्सलवाद खत्म हुआ’, लोकसभा में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘जो गोली चलाता है, उसका जवाब गोली से देना चाहिए’, लोकसभा में बोले अमित शाह     |   ‘वोट की जगह बुलेट से शासन चाहता है नक्सलवाद’, लोकसभा में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘वामपंथियों ने आदिवासियों को बहकाया’, लोकसभा में नक्सलवाद मुद्दे पर अमित शाह ने कहा     |  

20 साल का सफर खत्म... नितिन नबीन ने MLA पद से दिया इस्तीफा

Bihar: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के दो सप्ताह बाद सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बांकीपुर सीट से उनका इस्तीफा बीजेपी की बिहार इकाई के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा।

प्रेम कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “नितिन नबीन का इस्तीफा मुझे सरावगी द्वारा सौंपा गया है। इसे स्वीकार कर लिया गया है। आगे की औपचारिकताओं के लिए मैंने इसे संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है।”

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सोमवार को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। नवीन और जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख दोनों 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे। नवीन ने इस्तीफा दिए जाने से पहले सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “आज मैं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा के निर्वाचित सदस्य के पद से इस्तीफा दे रहा हूं।”

उन्होंने कहा, “पिछले 20 वर्षों में मैंने अपने दिवंगत पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा निर्मित इस क्षेत्र को समर्पण के साथ निरंतर सहेजने और विकसित करने का प्रयास किया। मैंने हमेशा अपने क्षेत्र और बिहार राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया है।”

बीजेपी नेता ने कहा, “इसी का परिणाम है कि जनता ने मुझे लगातार पांच बार विधानसभा के लिए चुनकर उनकी सेवा करने का अवसर दिया।” नवीन ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो “नयी भूमिका” सौंपी है, उसमें भी वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।