प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश में एक साथ कुल 3.55 करोड़ दीये जलाए गए। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य केंद्र उज्जैन में क्षिप्रा नदी के किनारे 33.27 लाख दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया गया। शाम 7 बजे सायरन बजते ही तीन मिनट के भीतर प्रदेशभर में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और दीये जलाकर सेवा और प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
उज्जैन के रामघाट पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने दीप जलाया। इसके अलावा स्वयंसेवकों ने रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, भूखी माता घाट और महाकाल महालोक समेत अलग-अलग घाटों पर दीये प्रज्ज्वलित किए।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने ‘क्षिप्रा आरती’ में भी हिस्सा लिया। नदी के किनारे जलाए गए दीयों से पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा और मनमोहक दृश्य देखने को मिला। स्वयंसेवकों ने उज्जैन के कार्तिक मेला मैदान में दीयों की मदद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी बनाई। क्षिप्रा नदी के तट और महाकाल महालोक में एक साथ 33.27 लाख दीये जलाए गए, जिसे विश्व रिकॉर्ड बताया गया है।