Apple के iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की भारत में बिक्री शुरू होते ही ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार सुबह दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल के Apple Store के बाहर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंच गए। मुंबई के जियो वर्ल्ड ड्राइव और बेंगलुरु के Apple Store के बाहर भी नए iPhone खरीदने के लिए लंबी कतारें नजर आईं।
बेंगलुरु में राहुल नाम के ग्राहक ने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे Apple Store पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि कतार में हरियाणा, दिल्ली और मुंबई से आए लोग भी शामिल थे। राहुल ने बताया कि वह लंबे समय से iPhone खरीदते आ रहे हैं और उनका पहला iPhone 7 था। उन्होंने iPhone लॉन्च को अपने लिए किसी त्योहार जैसा बताया।
मुंबई में ग्राहक हितेश पटेल ने बताया कि वह नासिक से आए हैं और पिछली रात 10 बजे से कतार में खड़े थे। उन्होंने कहा कि उन्हें सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला है। हितेश ने बताया कि वह हर साल अपना मोबाइल बदलते हैं। फिलहाल उनके पास iPhone 17 Pro Max है और अब वह iPhone 18 Pro Max खरीदने पहुंचे हैं।
एक अन्य ग्राहक ने कहा कि वे पूरी रात कतार में खड़े रहे। उन्होंने बताया कि बारकोड नहीं होने के बावजूद वे लाइन में इंतजार कर रहे हैं और नए iPhone को लेकर काफी उत्साहित हैं। अजय नाम के ग्राहक ने बताया कि उन्होंने iPhone 18 Pro Max 1TB पहले ही प्री-बुक कर लिया है। वह स्टोर पर अपना फोन लेने का इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले फोन खरीदना चाहते हैं। फिलहाल उनके पास iPhone 17 Pro है और वह iPhone 18 Pro में पेश किए गए नए फीचर्स को देखने के लिए उत्साहित हैं। सूरज चौहान नाम के ग्राहक ने बताया कि उनका YouTube चैनल है, जहां वह टेक रिव्यू करते हैं। फोन में उनकी काफी रुचि है। उन्होंने पिछली बार iPhone 17 Pro खरीदा था और इस बार iPhone 18 Pro Max लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नए फोन के कैमरे और क्वालिटी में सुधार की उम्मीद है।
Apple के iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की भारत में बिक्री शुक्रवार से शुरू हो गई। ग्राहक इन्हें Apple के ऑनलाइन स्टोर और देशभर के छह रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से खरीद सकते हैं। लॉन्च के दिन फिजिकल Apple Stores सुबह 8 बजे खुल गए और रात 10 बजे तक खुले रहने की जानकारी दी गई, ताकि ग्राहक सुबह से ही नए iPhone खरीद सकें।