Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

एल्विश यादव एक बार फिर मुश्किल में, इस यूट्यूबर के साथ मारपीट मामले में रिपोर्ट दर्ज

Gurugram: यूट्यूबर एल्विश यादव और उनके कुछ साथियों के खिलाफ दिल्ली के एक ‘कंटेंट क्रिएटर’ के साथ गुरुग्राम के  सेक्टर-53 के एक मॉल में मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। इस वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें एल्विश को कथित तौर पर मारपीट करते देखा जा सकता है। 

दिल्ली के रहने वाले शिकायतकर्ता सागर ठाकुर ने दावा किया कि एल्विश यादव ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। सागर ठाकुर एक ‘कंटेंट क्रिएटर’ हैं, जिनके यूट्यूब पर 16 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 8,90,000 फॉलोअर्स और ‘एक्स’ पर 2,50,000 फॉलोअर्स हैं। 

ठाकुर ने अपनी शिकायत में कहा कि वे और यादव एक-दूसरे को 2021 से जानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से ‘एल्विश फैन पेज’ नफरत और दुष्प्रचार फैला रहे हैं जिससे वे काफी दुखी हैं। ठाकुर ने कहा कि यादव ने शुक्रवार को उनसे मिलने के लिए कहा और उन्होंने इसे ‘‘चर्चा’’ समझकर स्वीकार कर लिया। 

उन्होंने दावा किया, ‘‘जब वे (एल्विश) स्टोर पर आये - उन्होंने और उनके आठ-10 गुंडों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। वे सभी नशे में थे।  सागर ठाकुर ने आरोप लगाया कि एल्विश यादव ने उनकी रीढ़ की हड्डी तोड़ने की कोशिश की ताकि वे शारीरिक रूप से अक्षम हो जाएं। 

शिकायत के बाद सेक्टर-53 पुलिस थाने में शुक्रवार शाम को भारतीय दंड विधान की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने कहा है कि मामले में जांच जारी है।