Breaking News

किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद हरियाणा पुलिस ने खनौरी बॉर्डर पर बढ़ाई सख्ती     |   फंदे से लटका मिला ममता बनर्जी के करीबी और बंगाल असेंबली के पूर्व डिप्टी स्पीकर का शव     |   कर्नाटक लोक भवन आज से 18 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा     |   सबरीमाला मंदिर आज शाम चिंगम महीने की पूजा के लिए खुलेगा, कल से श्रद्धालुओं को दर्शन     |   राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आज से 14 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुलेगा     |  

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 'वोट जिहाद' नहीं होने देंगे: बीजेपी विधायक नितेश राणे

महाराष्ट्र बीजेपी विधायक नितेश राणे ने कहा है कि वो ये सुनिश्चित करेंगे कि आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में "वोट जिहाद" न हो। नफरती भाषण के मामलों में अपने खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर नितेश ने कहा कि उन्हें इसका कोई डर नहीं है। राणे ने कहा कि उन्होंने अपने धर्म या समुदाय का पक्ष लेकर कुछ भी गलत नहीं किया है।

उन्होंने कहा, "मेरे जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र पर मेरा जिक्र हिंदू के रूप में किया जाएगा। अगर मुझे सिर्फ इसलिए हेट क्राइम के लिए दोषी ठहराया जा रहा है क्योंकि मैं अपने धर्म या अपने समुदाय का पक्ष लेने की कोशिश कर रहा हूं, तो मुझे नहीं लगता कि इसमें कुछ भी गलत है। मैंने बिल्कुल भी कुछ गलत नहीं किया है।"

बीजेपी नेता ने दावा किया कि इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान 'वोट जिहाद' हुआ था। 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले राणे ने कहा, "हम ये सुनिश्चित करेंगे कि राज्य चुनाव के दौरान वोट जिहाद न हो।" उन्होंने कहा, "मुस्लिम समुदाय के कुछ जिहादी मानसिकता वाले लोग, "रोहिंग्या और बांग्लादेशी" ये दावा करना चाहते हैं कि वे संविधान का पालन करते हैं। लेकिन दूसरी तरफ वो सब कुछ करेंगे जो शरिया कानून के तहत आता है।" राणे के खिलाफ नफरत भरे भाषणों को लेकर महाराष्ट्र में आधा दर्जन से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं।

सितंबर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नितेश राणे को ये बोलते सुना गया था कि अगर किसी ने धार्मिक नेता रामगिरी महाराज के खिलाफ कुछ भी कहा, तो "हम आपकी मस्जिदों में घुसेंगे और एक-एक करके आपको मारेंगे। इसे ध्यान में रखें।" इसके बाद उन पर कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया था। रामिगिरि महाराज पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने का आरोप है।

अपने खिलाफ मामलों का जिक्र करते हुए नितेश राणे ने कहा, "मेरी हर टिप्पणी पर एफआईआर हुई है। ये मूल रूप से तब है जब मैं अपने समुदाय का पक्ष ले रहा हूं, जब उनके साथ अन्याय हुआ है। ये तब है जब उन्हें हमारे हिंदू राष्ट्र में अपने त्योहार मनाने की इजाजत नहीं है। अगर उस पर एफआईआर होती है और अगर मुझ पर अपने ही धर्म का पक्ष लेने का आरोप लगाया जाता है, तो मुझे किसी भी तरह की कार्रवाई का सामना करने में बहुत खुशी होगी।"