उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली में विपक्षी इंडी गठबंधन के प्रदर्शन की एक तस्वीर साझा करते हुए राजभर ने अखिलेश को 'पिछलग्गू' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में गठबंधन के नेताओं के बीच अखिलेश यादव को उचित महत्व नहीं मिल रहा है।
राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव होने हैं, लेकिन अखिलेश दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ नजर आ रहे हैं। इसी को लेकर उन्होंने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरे की बारात में कब तक सहबाला बनकर रहेंगे।
'दिल्ली में पिछलग्गू बनकर घूमने में मजा आ रहा है?'
ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा, 'प्रिय अखिलेश यादव जी, दिल्ली में पिछलग्गू बनके घूमने में मजा आ रहा है कि नहीं?' उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनके सहयोगियों ने अखिलेश यादव की राजनीतिक हैसियत दिखा दी है।
राजभर ने तस्वीर के आधार पर अखिलेश पर कटाक्ष करते हुए उनकी तुलना बारात में जबरन ट्रैक्टर पर बैठाए गए व्यक्ति से की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश की स्थिति दूल्हे के दोस्त के ममेरे भाई के नाराज फूफा जैसी दिखाई दे रही है।
'इंडी गठबंधन में लोडर बन गए हैं अखिलेश यादव'
राजभर ने अखिलेश यादव के समर्थकों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग अखिलेश को 'अवतारी भैया जी' बताते थे, उन्हें अब गठबंधन की भीड़ में उनकी स्थिति देखनी चाहिए।
उन्होंने अखिलेश की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर तंज कसते हुए लिखा कि कुर्सी की इच्छा रखने वाले अखिलेश दिल्ली में दरी बिछाने में लगे हैं। राजभर ने यह भी दावा किया कि इंडी गठबंधन की कमान राहुल गांधी के हाथों में चली गई है।
'चुनाव यूपी में, दौड़ लगा रहे दिल्ली की'
सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव के दिल्ली दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव उत्तर प्रदेश में होने हैं, लेकिन सपा प्रमुख दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, 'और जाइए, भाग-भाग के दिल्ली! करा लिये न घनघोर बेइज्जती?'
राजभर ने आगे कहा कि अखिलेश यादव को दूसरे की बारात में सहबाला बनने के बजाय अपनी राजनीतिक भूमिका पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के विपक्षी नेताओं को अखिलेश का मतलबी दोस्त बताते हुए कहा कि उनसे सम्मान के बजाय तिरस्कार ही मिलेगा।
'2027 में सपा साफ होने जा रही है'
ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों से ऐसा लग रहा है कि 2027 में सपा साफ होने जा रही है।
राजभर के इस बयान से उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। हालांकि, ये सभी टिप्पणियां राजभर के सोशल मीडिया पोस्ट का हिस्सा हैं।