केरलम के गुरुवायूर में स्थित गुरुवायूर श्रीकृष्ण मंदिर में रविवार को 443 जोड़े विवाह बंधन में बंध रहे हैं। दरअसल मलयालम माह चिंगम के अंतिम रविवार को विवाह के लिए शुभ दिन माना जाता है इसलिए बड़ी संख्या में इस दिन लोग विवाह कर रहे हैं। गुरुवायूर देवस्वओम ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि रविवार को मंदिर में 443 विवाह के लिए व्यवस्था की गई है। विवाह समारोह सुबह चार बजे शुरू हुए और शुरुआती ढाई घंटे में ही 150 विवाह संपन्न कराए गए।
प्रत्येक विवाह पक्ष को टोकन जारी किए गए हैं और मंदिर परिसर में अधिक भीड़ न हो, इसके लिए दूल्हा-दुल्हन के साथ आने वाले लोगों की संख्या सीमित रखी गई है। चिंगम महीने के पहले रविवार 23 अगस्त को भी मंदिर में 400 से अधिक विवाह हुए थे। गुरुवायूर देवस्वओम के अध्यक्ष ए. वी. गोपीनाथ, प्रबंध समिति की सदस्य एम. यू. शिनिजा और प्रशासक एस. हरिगोपाल व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
देवस्वओम के कर्मचारी श्रद्धालुओं की सहायता करने और समारोहों की व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। ‘थालीकेट्टू’ (विवाह के दौरान मंगलसूत्र बांधने की रस्म) के लिए छह मंडप बनाए गए हैं और रस्मों में मदद करने के लिए विवाह स्थल पर अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है। विवाह स्थल के पास एक टोली द्वारा पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाने की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर के सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने में लगे हैं। मंदिर प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि मंदिर के अंदर एवं बाहर और पूरे नगर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे चालू रहें।