पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जहां पिछले सप्ताह चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शनिवार को यह घटकर 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम सुहावना होने के बाद लोग बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल रहे हैं। चंडीगढ़ की प्रसिद्ध सुखना लेक पर भी पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग यहां बोटिंग का आनंद लेने के साथ-साथ ठंडी हवाओं और खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए अगले पांच दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 17 जून तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। हालांकि तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है। फिलहाल मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दी है और चंडीगढ़ समेत पूरे क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है।