Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

असम के जोरहाट में AN-32 विमान हादसा, 5 वायुसेना कर्मियों की मौत, रक्षा मंत्री ने जताया शोक

असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वायुसेना के पांच जवानों की मौत हो गई। घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश ने अपने पांच बहादुर वायुयोद्धाओं को खो दिया है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम की सेवाओं और साहस को हमेशा याद रखा जाएगा।

भारतीय वायुसेना के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब AN-32 विमान सुबह करीब 10 बजे जोरहाट एयरफील्ड पर उतरने की कोशिश कर रहा था। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वायुसेना ने मृतकों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम के रूप में की है। वायुसेना ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह सभी शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।

हादसे के बाद भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी (जांच) के आदेश दे दिए हैं। AN-32 भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण दो इंजन वाला सैन्य परिवहन विमान है, जिसका उपयोग रसद, माल ढुलाई और विभिन्न परिचालन अभियानों में किया जाता है। यह विमान दुर्गम और ऊंचाई वाले इलाकों में भी सेवाएं देता रहा है। हालांकि, यह बेड़ा काफी पुराना हो चुका है और वायुसेना भविष्य की जरूरतों को देखते हुए AN-32 तथा IL-76 विमानों की जगह नए मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट (MTA) शामिल करने की योजना पर काम कर रही है।