Breaking News

5 राज्यों में चुनाव को लेकर शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस     |   कोलकाता झड़प के बाद BJP ने शशि पांजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई     |   एअर इंडिया एक्सप्रेस ने UAE के लिए सभी उड़ानें रद्द कीं     |   IDF का दावा: ईरान ने इजरायल की ओर मिसाइलें दागीं     |   UAE: फुजैराह पोर्ट पर तेल लोडिंग फिर हुई शुरू     |  

दिल्ली में हल्की बारिश से बदला मौसम, लोगों को गर्मी से मिली राहत

दिल्ली के कई हिस्सों में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद मौसम सुहावना हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सुबह 5:30 बजे दिल्ली का तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंडित पंत मार्ग और फिरोजशाह रोड से सामने आए दृश्यों में सड़कों पर पानी और हल्की बारिश के बीच लोगों को आते-जाते देखा गया। IMD ने 15 और 16 मार्च को गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। हालांकि सप्ताह के बाकी दिनों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजधानी के कई इलाकों सफदरजंग, पालम और नरेला में हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, क्योंकि शनिवार को कई इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। IMD के मुताबिक रिज स्टेशन पर सबसे अधिक 33.8°C तापमान दर्ज हुआ, जबकि लोदी रोड पर 33.0°C और आयानगर में 32.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सफदरजंग और पालम में अधिकतम तापमान क्रमशः 32.6°C और 31.5°C दर्ज किया गया। सभी स्टेशनों पर तापमान में गिरावट देखी गई, जिसमें पालम में सबसे ज्यादा -3.6°C और रिज में -2.8°C की कमी दर्ज की गई। इस बीच सुबह 8 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 195 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार AQI का स्तर 0 से 500 के बीच होता है। 0-50 ‘अच्छा’ और 51-100 ‘संतोषजनक’ माना जाता है। वहीं 101 से 200 के बीच AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है, जिसमें दमा, फेफड़ों या हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।