Breaking News

सभी राज्यों में 4 मई को मतगणना होगी: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार     |   केरलम में मतदान 9 अप्रैल और मतगणना 4 मई को होगी     |   चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर फेक न्यूज पर कड़ी नजर रखी जाएगी: CEC ज्ञानेश कुमार     |   तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में एक चरण में मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे     |   चुनाव में ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी जैसे देशों की कुल आबादी से भी ज्यादा वोटर: CEC ज्ञानेश कुमार     |  

पश्चिम एशिया संकट के बीच स्पाइसजेट ने यूएई से भारत के लिए चलाई विशेष उड़ानें

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच स्पाइसजेट ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत के लिए विशेष उड़ानें शुरू की हैं, ताकि भारतीय नागरिकों की यात्रा को आसान बनाया जा सके। एयरलाइन के अनुसार 15 मार्च को फुजैराह से भारत के लिए तीन विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इनमें से दो उड़ानें फुजैराह से दिल्ली और एक उड़ान फुजैराह से मुंबई के लिए है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए दुबई से पुणे के लिए भी एक विशेष उड़ान चलाई जा रही है।

16 मार्च को स्पाइसजेट फुजैराह से भारत के लिए चार विशेष उड़ानें और दुबई से भारत के लिए एक अतिरिक्त उड़ान संचालित करेगा। एयरलाइन ने बताया कि इन उड़ानों के संचालन के लिए एयरपोर्ट अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इससे पहले 4 मार्च को भी स्पाइसजेट ने यूएई से आठ विशेष उड़ानें संचालित की थीं, जिससे फंसे हुए भारतीय नागरिकों को भारत लौटने में मदद मिली थी। इन आठों उड़ानों में से चार दिल्ली, तीन मुंबई और एक कोच्चि के लिए थी और ये सभी उड़ानें फुजैराह से संचालित की गई थीं। दरअसल, पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण कई उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव और कुछ उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। यह तनाव अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद बढ़ गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।

इसी बीच शनिवार को यूएई के फुजैराह पोर्ट पर ड्रोन हमले की खबर भी सामने आई, जिससे वहां आग लग गई। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की जरूरत को दर्शाती है, क्योंकि खाड़ी देश किसी बड़े संघर्ष में उलझना नहीं चाहते। विश्लेषकों के अनुसार यूएई क्षेत्रीय व्यापार, वित्त और कूटनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इस तरह की घटनाएं इसकी रणनीतिक अहमियत को भी दर्शाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस संकट के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, क्योंकि भारत के खाड़ी देशों के साथ मजबूत संबंध हैं और वहां लाखों भारतीय काम करते हैं।