Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग जारी

2024 के लोकसभा चुनाव का आगाज आज हो चुका है। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। लोकसभा के पहले चरण के चुनाव के साथ ही अरुणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों और सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों के लिए भी वोटिंग शुरू हो चुकी है।

पहले चरण के लोकसभा चुनाव में कई दिग्गज चुनाव मैदान में हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और भूपेंद्र यादव, कांग्रेस के गौरव गोगोई, डीएमके की कनिमोझी और बीजेपी के के. अन्नामलाई शामिल हैं। पहले चरण की 102 सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने 1.87 लाख पोलिंग स्टेशनों पर 18 लाख से ज्यादा पोलिंग कर्मियों को तैनात किया है। पहले चरण में कुल 16.63 करोड़ वोटर अपना वोट डालेंगे। इनमें 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं। 35.67 लाख लोग फर्स्ट टाइम वोटर हैं। इसके साथ ही 20-29 साल की आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा वोटर हैं। 

भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पीएम मोदी की अगुवाई में इस बार और ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश कर रहा है। वहीं विपक्षी गुट ‘इंडिया’ में शामिल राजनैतिक दल 2014 और 2019 के चुनावों में लगातार हार के बाद वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही उनमें तमिलनाडु की 39, उत्तराखंड की पांच, अरुणाचल प्रदेश की दो, मेघालय की दो, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की एक, मिजोरम की एक, नागालैंड की एक, पुडुचेरी की एक, सिक्किम की एक और लक्षद्वीप की एक सीट शामिल है। 

इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में आठ, मध्य प्रदेश में छह, असम और महाराष्ट्र में पांच-पांच, बिहार में चार, पश्चिम बंगाल में तीन, मणिपुर में दो और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक लोकसभा सीट पर वोटिंग हो रही है। पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम खत्म हो गया था।

गडकरी, सोनोवाल और यादव के अलावा छह और केंद्रीय मंत्रियों- किरण रिजिजू, संजीव बालियान, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, एल. मुरुगन और निसिथ प्रमाणिक के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री- बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा) और नबाम तुकी (अरुणाचल प्रदेश) और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन भी चुनाव मैदान में हैं।