Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

उत्तराखंड: नाबालिग के यौन उत्पीड़न के बाद नैनीताल में हिंसक विरोध-प्रदर्शन

उत्तराखंड के नैनीताल में एक नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद तनाव भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने जमकर प्रदर्शन और तोड-फोड़ की। यौन उत्पीड़न का आरोप 60 साल के एक व्यक्ति पर है। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पेशे से ठेकेदार उस्मान नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि इलाके में शांति कायम रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के बाद बुधवार रात आठ बजे उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाए जाने की खबर फैलते ही प्रदर्शन शुरू हो गए। कुछ हिंदू संगठनों के सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों की कुछ दुकानों को निशाना बनाते हुए उनमें तोड़-फोड़ की गई जबकि एक पास में मस्जिद पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगा रही भीड़ ने वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षेत्र में स्थित कुछ मकानों पर भी पत्थर फेंके जिससे उनकी खिड़कियों के शीशे टूट गए।

नैनीताल के शहर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए गुस्साई लोगों को शांत करने का प्रयास किया। प्रदर्शन आधी रात के बाद भी जारी रहे जिसे देखते हुए पुलिस तनाव बढ़ने से रोकने के लिए देर रात दो बजे तक गश्त करती रही। पुलिस ने बताया कि शांति कायम रखने के लिए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।