उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां कात्यायनी को नारीशक्ति के साहस, संकल्प और पराक्रम का प्रतीक बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियों को आगे बढ़ने के लिए सुरक्षा, प्रोत्साहन और बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ‘पदक लाओ, पद पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को सीधी भर्ती का लाभ मिल रहा है।
2017 से पहले बेटियों के सपनों पर थीं बंदिशें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था। बेटियों के सपनों पर पहरे थे और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते थे। खेल मैदानों में संसाधनों की कमी थी और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं मिलती थीं।
योगी सरकार में खेल सुविधाओं का हुआ विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। अब भय की जगह सुरक्षा और उपेक्षा की जगह प्रोत्साहन ने लिया है। गांवों में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जिला स्तरीय स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किए जा रहे हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पदक विजेताओं को पुरस्कार और सरकारी नौकरी
योगी सरकार ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को लाखों-करोड़ों रुपये तक की पुरस्कार राशि दे रही है। इसके साथ ही ‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में सीधी भर्ती का अवसर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी की बेटियों ने बढ़ाया मान
मुख्यमंत्री ने कई महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। एथलेटिक्स में पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया और कुश्ती में दिव्या काकरान ने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसे आयोजनों में शानदार प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, खेल सुविधाओं का विस्तार, आर्थिक प्रोत्साहन और सरकारी नौकरी के अवसर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद कर रहे हैं। इससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और नई उपलब्धियां हासिल करने का मौका मिल रहा है।