Breaking News

अमेरिकी झटके के बावजूद ग्रीन में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल     |   दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रोटेस्ट ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता, कहा- नई गाइडलाइंस जारी करे सरकार     |   ओडिशा: एंबुलेंस में लगी आग, एक मरीज की मौत, दो गंभीर रूप से जख्मी     |   IIT बॉम्बे कैंपस में गैस लीकेज से भड़की आग, 2 बच्चों समेत 5 घायल     |   आज आएंगे पांच विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के नतीजे     |  

झारखंड में NTPC परिचालित मालगाड़ियों की टक्कर में दो चालकों की मौत

झारखंड के साहिबगंज जिले में मंगलवार तड़के दो मालगाड़ियों के बीच टक्कर हो जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी राष्ट्रीय तापविद्युत निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) द्वारा परिचालित दो मालगाड़ियों के बीच बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह के पास तड़के करीब तीन बजे टक्कर हुई।

जिस पटरी पर ये हादसा हुआ, वह भी एनटीपीसी की है और उसका इस्तेमाल मुख्य रूप से उसके बिजली संयंत्रों में कोयला पहुंचाने के लिए किया जाता है। साहिबगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) किशोर तिर्की ने पीटीआई-वीडियो ’ को बताया, ‘‘दो मालगाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर में उनके चालकों की मौत हो गई।’’

पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने कहा, ‘‘मालगाड़ी और पटरी दोनों ही एनटीपीसी की हैं। इसका भारतीय रेल से कोई लेना-देना नहीं है।’’ जिस रेलवे लाइन पर दुर्घटना हुई, वह बिहार के भागलपुर जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के ‘कहलगांव सुपर थर्मल पावर स्टेशन’ को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में फरक्का विद्युत संयंत्र से जोड़ती है।

इसे सामान्यतः एनटीपीसी लालमटिया एमजीआर के नाम से जाना जाता है। रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘‘एनटीपीसी ने मालदा मंडल से मदद मांगी है और पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल से एक बड़ी क्रेन भेजने का आग्रह किया गया है और इसकी व्यवस्था साहिबगंज से की गई है।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘भारतीय रेल एनटीपीसी अधिकारियों को हर संभव मदद दे रही है।’’