WB Polls 2026: पश्चिम में हुगली नदी और पूर्व में सियालदह-रानाघाट रेलवे ट्रैक के बीच स्थित भाटपारा, कभी अपनी जूट मिलों के लिए मशहूर था। कोलकाता के उत्तर में स्थित इस विधानसभा क्षेत्र के जूट मिल, अब महज यादों में सिमटकर रह गए हैं। घनी आबादी वाले भाटपारा में इन दिनों छोटे व्यवसाय हैं।
सुर्खियों में रहने वाले भाटपारा में फिलहाल चुनावी माहौल गर्म है। इस विधानसभा सीट से बीजेपी के पवन सिंह विधायक हैं, जो बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह के पुत्र हैं। अपने दोबारा चुने जाने का भरोसा रखने वाले पवन सिंह का दावा है कि मतदाता खुलकर अपनी राय जाहिर करने से डरते हैं। उनमें मौजूदा सरकार का डर है।
स्थानीय सांसद अर्जुन सिंह पहले टीएमसी से जुड़े थे, बाद में 2019 में वो बीजेपी में शामिल हो गए। वो ममता बनर्जी सरकार पर पुलिस के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहते हैं कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव से पहले अधिकारियों के तबादलों का फैसला टीएमसी की मतदान को प्रभावित करने की कोशिश को नाकाम कर देगा।
टीएमसी ने अमित गुप्ता को मैदान में उतारा है, ताकि वो अपनी खोई हुई जमीन वापस पा सके। गुप्ता का कहना है कि भाटपारा के लोग पवन सिंह से नाखुश हैं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संतुष्ट, ऐसे में वो तृणमूल कांग्रेस को ही चुनेंगे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भाटपारा के मतदाता 29 अप्रैल को वोट डालेंगे। चुनावों के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।