गिरिडीह-देवघर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मधवा टोल टैक्स के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने स्विफ्ट डिज़ायर कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मरने वालों में लीलो तुरी, उनके बेटे छोटू तुरी और राजन तुरी शामिल हैं। घायल महिलाओं का नाम सोनी देवी और संगीता देवी है, जिन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया है। संगीता देवी के पति लीलो तुरी की इस हादसे में मौत हो गई।
ये सभी लोग जंगरीडीह गांव से अखाड़ी पूजा का प्रसाद खाने के बाद कार से महुआर गांव लौट रहे थे। तभी मधवा टोल टैक्स के पास उनकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आस-पास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा गया। तीनों शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। फिलहाल बेंगाबाद थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।