Breaking News

फ्रांस में दंगों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,700 लोग हिरासत में लिए गए     |   तिब्बत में 7 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत, 32 घायल     |   टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से दबोचे गए तीन आरोपियों से कड़ी पूछताछ     |   हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का बड़ा असर, कई कंपनियां और दफ्तर बंद     |   बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी     |  

कश्मीर घाटी से दिल्ली 24 घंटे में पहुंचेगी पहली मालवाहक पार्सल ट्रेन, मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

Jammu and Kashmir: जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को घाटी से दिल्ली के लिए पहली मालवाहक पार्सल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेन देश के प्रमुख बाजारों तक फलों जैसे जल्दी खराब होने वाले सामानों के परिवहन का एक सस्ता और विश्वसनीय साधन उपलब्ध कराएगी। मालवाहक पार्सल ट्रेन को यहां नौगाम रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई गई और यह मंगलवार को दिल्ली पहुंचेगी।

उप-राज्यपाल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं क्योंकि मालवाहक सेवा शुरू हो गई है। यहां से प्रतिदिन 23 से 24 टन सेब और अन्य जल्दी खराब होने वाले सामान की ढुलाई की जाएगी, जो अगले दिन दिल्ली पहुंच जाएंगे।’’ उप-राज्यपाल ने कहा कि मालगाड़ी परिवहन का एक वैकल्पिक साधन प्रदान करके स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ये ट्रेन आर्थिक उत्थान में बहुत योगदान देगी। हम जानते हैं कि भौगोलिक परिस्थितियों और भारी वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग कभी-कभी बंद हो जाता है और इससे फल उत्पादकों को नुकसान होता है। रेलवे ने एक बहुत अच्छी सेवा शुरू की है और मैं इसके लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं।’’ उप-राज्यपाल ने कहा कि ट्रेन से जम्मू कश्मीर का एकीकरण और बढ़ेगा। साथ ही कश्मीर से माल देश के बाकी हिस्सों के बाज़ारों तक कम लागत पर पहुंच सकेगा।

पिछले महीने और इस महीने की शुरुआत में हुई भारी बारिश के कारण कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग लंबे समय तक बंद रहा, जिससे यह आशंका पैदा हो गई कि इस साल सेब की बंपर फसल देश के बाकी हिस्सों के बाजारों तक पहुंचने से पहले ही नष्ट हो सकती है।