Breaking News

ई-रिक्शा रिमोट शटडाउन ऐप्स पर केंद्र सरकार सख्त, 2 ऐप प्ले स्टोर से हटाए गए     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 6 जुलाई से दो दिवसीय जम्मू दौरे पर रहेंगे     |   भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को श्रद्धांजलि दी     |   सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की निजी बिजली कंपनियों के CAG ऑडिट पर रोक लगाई     |   निकाह, हलाला, 3 तलाक की आड़ में महिलाओं का यौन शोषण नहीं चलेगा: इलाहाबाद HC     |  

Share Market: सस्ते क्रूड और कमजोर अमेरिकी आंकड़ों से बाजार में रौनक , सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल

भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। कमजोर अमेरिकी श्रम बाजार आंकड़ों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिसके चलते सेंसेक्स 500 अंकों से अधिक उछल गया, जबकि निफ्टी 24,300 के स्तर को पार कर गया। बीएसई सेंसेक्स ने 78,152.34 के स्तर पर शुरुआत की, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 77,502.12 पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई निफ्टी 24,375.65 पर खुला, जो गुरुवार के 24,175.70 के बंद स्तर से काफी ऊपर था। खबर लिखे जाने तक निफ्टी 132.25 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,307.95 पर कारोबार कर रहा था, जबकि सेंसेक्स 360.16 अंक यानी 0.46 प्रतिशत चढ़कर 77,862.28 पर पहुंच गया था।

बाजार को वैश्विक संकेतों से मजबूती मिली। अमेरिका के रोजगार आंकड़े उम्मीद से काफी कमजोर रहे, जिससे यह संभावना बढ़ गई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आने वाले महीनों में ब्याज दरों को लेकर नरम रुख अपना सकता है। पिछले महीने अमेरिका में केवल 57,000 नई नौकरियां जुड़ीं, जबकि अर्थशास्त्रियों ने लगभग 1 लाख नौकरियों का अनुमान लगाया था।

बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने कहा कि अमेरिकी रोजगार आंकड़ों ने बाजार की ब्याज दर संबंधी धारणाओं को बदल दिया है। कमजोर रोजगार वृद्धि से यह संकेत मिला है कि फेडरल रिजर्व पर मौद्रिक नीति को आसान बनाने का दबाव बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि वॉल स्ट्रीट में मिश्रित कारोबार देखने को मिला। कमजोर रोजगार आंकड़ों से व्यापक बाजार को समर्थन मिला, लेकिन टेक्नोलॉजी शेयरों पर कुछ दबाव दिखाई दिया।

एशियाई बाजारों में भी मिश्रित रुख रहा, हालांकि अमेरिकी ब्याज दरों में संभावित नरमी की उम्मीद ने वैश्विक स्तर पर जोखिम वाली परिसंपत्तियों को समर्थन दिया। घरेलू स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक रही। कच्चा तेल करीब 70-71 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना हुआ है, जिससे भारत जैसे बड़े आयातक देश को राहत मिल रही है।

शुरुआती कारोबार में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस, इंफोसिस, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, बीईएल, ट्रेंट और पावर ग्रिड प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एक्सिस बैंक में कमजोरी देखने को मिली।

सेक्टोरल आधार पर निफ्टी आईटी इंडेक्स लगातार दूसरे दिन 2 प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। इसके अलावा निफ्टी मेटल और निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एवं टेलीकॉम इंडेक्स में 1 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।कमोडिटी बाजार में सोने की कीमतों में भी तेजी रही। कमजोर अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के बाद निवेशकों ने सख्त मौद्रिक नीति की आशंकाएं कम कर दी हैं, जिससे सोना पांच सप्ताह बाद पहली साप्ताहिक बढ़त की ओर बढ़ता दिख रहा है। स्पॉट गोल्ड 1.4 प्रतिशत चढ़कर 4,179.94 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, कच्चे तेल की कीमतें 72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहीं, जो भारत सहित उभरते बाजारों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।