अयोध्या के दीपोत्सव की गूंज अब सात समंदर पार भी पहुंच रही है। रामनगरी में दीपोत्सव की भव्यता देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया से पर्यटक शेन अयोध्या पहुंचे हैं। मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखने के बाद उनके मन में अयोध्या आने की इच्छा जगी। अब राम की पैड़ी पर बैठकर दीपोत्सव की तैयारियां और शहर की सजावट देखकर वह काफी उत्साहित हैं। शेन ने अयोध्या को अद्भुत बताते हुए कहा कि यहां का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भरा है और वह खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मलेशिया में सुनी अयोध्या की चर्चा, देखने चले आए रामनगरी
ऑस्ट्रेलिया निवासी शेन भारत की आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हैं। भारत आने से पहले वह मलेशिया में थे। वहां भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखकर उन्हें अयोध्या के दीपोत्सव के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने रामनगरी आने का फैसला किया। शेन ने बताया कि अयोध्या आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। यहां की रोशनी और दीपोत्सव की तैयारियां बेहद शानदार हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर है।
रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
अयोध्या की सड़कों पर जगमगाती रोशनी, सजे हुए चौक-चौराहे, एलईडी स्क्रीन और धार्मिक व लोकनृत्य की प्रस्तुतियां शेन को खूब पसंद आ रही हैं। लता मंगेशकर चौक की सजावट और शहर में दिखाई दे रही सांस्कृतिक झलकियों ने उनका मन मोह लिया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग संस्कृतियों और परंपराओं को एक साथ देखना बेहद सुखद अनुभव है। शेन ने अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की और कहा कि ऑस्ट्रेलिया से आने के बावजूद उन्हें यहां पूरी तरह सुरक्षित महसूस हो रहा है।
श्रीराम मंदिर के बाद विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रही अयोध्या
शेन सोमवार तक अयोध्या में रहेंगे। इसके बाद वह वाराणसी जाएंगे। श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की पहचान देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामनगरी में विकसित हो रही सुविधाएं, सुसज्जित सड़कें, धार्मिक आयोजन और दीपोत्सव की भव्यता विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। मलेशिया में अयोध्या के बारे में सुनकर ऑस्ट्रेलिया से पहुंचे शेन इस बात का उदाहरण हैं कि रामनगरी का आकर्षण अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है।