उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन आयोजित कर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें चिकित्सा उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस कार्रवाई, राजस्व, जमीन विवाद और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर मामलों में जल्द कार्रवाई करने को कहा।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। हर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और पात्र लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों पर तय समय के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान की स्थिति पता चल सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
