रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन दिल्ली-Meerut Namo Bharat कॉरिडोर पर 27 और 28 अगस्त 2026 को 47 अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाएगा। इन अतिरिक्त फेरों के बाद दोनों दिनों में Namo Bharat ट्रेन हर 8 मिनट में उपलब्ध होगी। अतिरिक्त ट्रेनें सराय काले खां से मोदीनगर होते हुए मोदिपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर चलेंगी। इससे त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने के लिए यात्रा करते हैं। खासतौर पर बहनें भाइयों को राखी बांधने के लिए दूसरे शहरों में जाती हैं। ऐसे में ट्रेन की बढ़ी हुई संख्या से यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा और सफर आसान होगा। 28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण कई लोगों को लंबे वीकेंड का फायदा भी मिल सकता है। ऐसे में दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
Namo Bharat ट्रेन दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराती है। त्योहार के दौरान सड़क मार्ग पर बढ़ने वाली भीड़ के बीच यह यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है। NCRTC ने कहा कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या और सेवाओं में और बढ़ोतरी की जा सकती है, ताकि यात्रियों को आरामदायक और सुगम यात्रा मिल सके।