Breaking News

दिल्ली में नीति आयोग की बैठक शुरू     |   बंगालः फर्जी हस्ताक्षर केस में हाईकोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी, सिंगल बेंच करेगी सुनवाई     |   चीन ने यूरोपीय यूनियन के होने वाली हाई-लेवल मीटिंग्स रद्द कीं     |   दिल्ली: नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए तमिलनाडु भवन से रवाना हुए सीएम विजय     |   केरलम के पूर्व सीएम पिनराई विजयन की बेटी वीणा को ED ने जारी किया समन     |  

22 राज्यों में बारिश का अलर्ट, तेज आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 राज्यों में बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले सात दिनों से लगभग एक ही स्थान पर ठहरा हुआ है, लेकिन गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दी थी। इसके बाद 6 जून तक यह पांच राज्यों में आगे बढ़ा, लेकिन फिर इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और स्थानीय स्तर पर जलभराव जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।

IMD के मुताबिक 12 और 13 जून को उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई इलाकों में बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। किसानों को भी फसल और कृषि कार्यों को लेकर स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। फिलहाल मानसून की रफ्तार भले ही धीमी हो, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियों के चलते देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना बने रहने और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।