Breaking News

बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने 284 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, बहरामपुर से लड़ेंगे अधीर रंजन चौधरी     |   पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जारी की 284 उम्मीदवारों की लिस्ट     |   तमिलनाडु के CM स्टालिन ने पार्टी का मैनिफेस्टो जारी किया, महिलाओं और बुजुर्गों पर दिया जोर     |   ईरान ने जॉर्डन में US बेस अल अजराक की ओर बड़े पैमाने पर ड्रोन लॉन्च किया     |   नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली पांच दिन की पुलिस रिमांड पर     |  

सीएम स्टालिन का पीएम मोदी को पत्र, लिखा- अमेरिकी शुल्क से तिरुपुर को 15,000 करोड़ का नुकसान

Tamil Nadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने भारतीय निर्यात पर अमेरिका द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत "दंडात्मक" शुल्क पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे इस मुद्दे को द्विपक्षीय समझौते के जरिए प्राथमिकता से सुलझाने का आग्रह किया है।

स्टालिन ने बताया कि देश की होजरी राजधानी तिरुपुर में निर्यातकों के 15,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर रद्द हो गए हैं और उत्पादन में 30 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरुपुर, कोयंबटूर, ईरोड और करूर के निर्यातकों को प्रतिदिन 60 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है, जिससे कई छोटे और मध्यम उद्योग बंद होने की कगार पर हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि तमिलनाडु भारत के कपड़ा निर्यात में 28 प्रतिशत और चमड़ा निर्यात में 40 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखता है, जिससे करीब 85 लाख श्रमिकों को रोजगार मिलता है। उन्होंने कहा कि शुल्क के कारण अब बड़े पैमाने पर छंटनी और वेतन में देरी का खतरा पैदा हो गया है। स्टालिन ने आगाह किया कि अंतरराष्ट्रीय खरीदार अब वियतनाम, बांग्लादेश और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धियों का रुख कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक बार बाजार हाथ से निकल जाने पर उसे वापस पाना कठिन होगा, जिसका भविष्य में युवाओं और विशेषकर महिलाओं के रोजगार पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस गतिरोध को जल्द समाप्त करने की अपील की।