Breaking News

कोलकाता से एक गिरफ्तार, पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के लिए जासूसी करने का आरोप     |   विदेश से लौटते ही कल पीएम मोदी कैबिनेट मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे     |   रोम: पीएम मोदी को खाद्य एवं कृषि संगठन का सर्वोच्च सम्मान मिला     |   भोपाल: ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम नहीं होगा, परिवार की याचिका कोर्ट से खारिज     |   केरलम में दूध के दाम चार रुपये बढ़े, एक जून से होंगे लागू     |  

अहमदाबाद विमान हादसे पर प्रियंका चोपड़ा जोनस ने किया दुख व्यक्त, कहा- बेहद दुखद

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस सहित फिल्म जगत की हस्तियों ने अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया। गुरुवार दोपहर चालक दल के सदस्यों समेत कुल 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में बी. जे. मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

एअर इंडिया ने विमान दुर्घटना में 241 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, इस दुर्घटना में एक यात्री बाल-बाल बच गया, जबकि मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में रह रहे कुछ लोगों की भी मौत हो गई।

अभिनेता शाहरुख खान, अक्षय कुमार, आलिया भट्ट, अल्लू अर्जुन और करण जौहर समेत कई जानी-मानी फिल्मी हस्तियों ने गुरुवार को इस घटना पर दुख जताया। 

अभिनेत्री प्रियंका ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "बेहद दुखद। एअर इंडिया विमान हादसे में प्रभावित सभी लोगों और अकल्पनीय क्षति का सामना कर रहे परिवारों के लिए प्रार्थना कर रही हूं।"

अभिनेता सलमान खान ने भी इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया। सलमान ने इस घटना के मद्देनजर ‘इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग’ के लिए अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, "अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। यात्रियों, चालक दल और प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के लिए प्रार्थनाएं।"

अभिनेता-फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने कहा कि इस घटना के बारे में जानकर दिल टूट गया। उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्य या दोस्त को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदना। उम्मीद है और प्रार्थना करता हूं कि आपको इस अकल्पनीय नुकसान से उबरने की शक्ति मिले। इस अविश्वसनीय रूप से कठिन समय में हम आपके साथ हैं।"

एअर इंडिया के विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के हाथों में थी, साथ ही फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी उनके साथ थे। डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि सुनित सभरवाल के पास 8,200 घंटे की उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव था। 

अभिनेता विक्रांत मैसी ने भी इस हादसे में लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया और कहा कि कुंदर उनके पारिवारिक मित्र का बेटा था। उन्होंने कहा, "गुरुवार को अहमदाबाद में हुई अकल्पनीय हवाई दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और प्रियजनों को देख मेरा दिल टूट गया है।"

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा, "ये जानकर और भी दुख हुआ कि मेरे अंकल क्लिफोर्ड कुंदर ने अपने बेटे क्लाइव कुंदर को खो दिया, जो उस विमान पर फर्स्ट ऑफिसर थे। भगवान आपको और आपके परिवार को और सभी प्रभावित लोगों को शक्ति प्रदान करें।"