Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

पुलिस: बेंगलुरू में महिला की हत्या मामले में पति मुख्य संदिग्ध

कर्नाटक के बेंगलुरू में 32 साल की महिला का शव एक सूटकेस में मिलने के मामले में उसका पति मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के पति ने कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसका अब पुणे में इलाज हो रहा है।

मृतक गौरी खेडेकर का शव गुरुवार को एक सूटकेस में मिला था। वो महाराष्ट्र की मूल निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि उसका पति राकेश राजेंद्र खेडेकर अपराध के बाद पुणे भाग गया, जहां उसने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मुख्य संदिग्ध राकेश राजेंद्र खेडेकर को हत्या के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है और फिलहाल महाराष्ट्र के एक अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है। बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और ऐसा लगता है कि महिला का पति ही मुख्य संदिग्ध है।

उन्होंने बताया कि उसे पुणे के एक अस्पताल में भर्ती पाया गया है और ऐसा कहा जा रहा है कि उसने आत्महत्या के प्रयास में जहर खा लिया था। उनके मुताबिक बेंगलुरू पुलिस की टीम ने पुणे पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस आयुक्त के मुताबिक बेंगलुरू पुलिस की एक टीम पुणे गई है और जैसे ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिलेगी उसे पूछताछ के लिए यहां लाया जाएगा।
हत्या के पीछे वैवाहिक विवाद को कारण बताया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मृतका के रिश्तेदार बेंगलुरु आ गए हैं और बाकी जानकारी उनसे ली जाएगी।" इससे पहले, गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मकान मालिक ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी थी।

महिला और उसका पति पिछले महीने बेंगलुरू चले गए थे और डोड्डाकम्मनहल्ली गांव में एक फ्लैट में रह रहे थे। महिला का पति एक आईटी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम करता है। महिला का शव फ्लैट के बाथरूम में सूटकेस में मिला। उसके शरीर पर चाकू के घाव के निशान थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को यहां लाकर पूछताछ करने के बाद ही हत्या के पीछे के वास्तविक मकसद का पता चल सकेगा।

अधिकारी ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है और इन विवरणों को सत्यापित करने की जरूरत है।" पुलिस ने बताया कि महिला के पास पत्रकारिता एवं जनसंपर्क में स्नातक की डिग्री थी और उसका पति घर से काम करता था। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से नमूने इकट्ठा किए हैं।