Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

Pune: यवत में व्हाट्सएप पोस्ट को लेकर भड़की हिंसा और आगजनी, इलाके में पुलिस बल तैनात

पुणे के यवत में भीड़ द्वारा हिंसा भड़कने के बाद इलाके में शनिवार सुबह पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुणे की दौंड तहसील के यवत में दूसरे समुदाय के युवक द्वारा सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड किए जाने से गुस्साई भीड़ ने शुक्रवार दोपहर तोड़फोड़ और आगजनी की। 

अधिकारियों ने बताया कि एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि एक बेकरी को क्षति पहुंचाई गई। उन्होंने बताया कि उग्र लोगों के बड़ी संख्या में सड़क पर उतर जाने के कारण स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। 

अधिकारियों ने बताया कि गांव में इस समय भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि शांति और व्यवस्था बहाल हो गई है। पुलिस अधीक्षक (पुणे देहात) संदीप सिंह गिल ने पीटीआई को बताया कि गांव के बाहर से आये युवक ने सोशल मीडिया मंच ‘व्हाट्सऐप’ पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी और उसे हिरासत में ले लिया गया है। 

यवत पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 26 जुलाई को एक युवक ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का कथित तौर पर अपमान किया था, जिससे स्थानीय निवासी नाराज हो गए थे। अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।

यवत पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, "व्हाट्सएप पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। तोड़फोड़ के संबंध में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। तीन-चार जगहों पर करीब 1000 लोगों ने तोड़फोड़ की।"