दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर कस्टम विभाग ने रविवार को एक यात्री को गिरफ्तार किया और उसके पास से 2.759 किलो संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की। यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से फुकेत से दिल्ली पहुंचा था। एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (APIS) के जरिए यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका गया।
यात्री के सामान की एक्स-रे जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। इसके बाद सामान की तलाशी लेने पर चार वैक्यूम-सील पैकेट मिले, जिनमें हरे रंग का पदार्थ था। अधिकारियों को शक है कि यह हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा है। पैकिंग समेत बरामद पदार्थ का कुल वजन 2,759 ग्राम था। दिल्ली कस्टम विभाग ने बताया कि यात्री को NDPS एक्ट 1985 की धारा 43(b) के तहत गिरफ्तार किया गया है। बरामद संदिग्ध गांजे और उसे छिपाने में इस्तेमाल सामग्री को भी जब्त कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
वहीं, एक अन्य मामले में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने देशभर में खुफिया जानकारी के आधार पर कई ऑपरेशन चलाए। इन कार्रवाइयों में विदेशी सोना, हेरोइन, MDMA, हाइड्रोपोनिक वीड, लाल चंदन, प्रतिबंधित वन्यजीव उत्पाद, ई-सिगरेट और विदेशी मूल के पोस्ता बीज समेत कई सामान जब्त किए गए।
इन कार्रवाइयों में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। जांच में तस्करी करने वाले संगठित गिरोहों द्वारा सामान छिपाने के नए तरीकों का भी पता चला। 29 जुलाई 2026 को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर DRI अधिकारियों ने दुबई से आए दो विदेशी नागरिकों को पकड़ा। यात्रियों के ट्रॉली बैग की जांच के दौरान उसमें एक विशेष गुप्त जगह बनाई गई थी। इस छिपे हुए हिस्से से विदेशी मूल की 40 सोने की छड़ें बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 4 किलो था। सोना जब्त कर दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।