Breaking News

महाराष्ट्र: इच्छा मृत्यु मामलों के लिए अस्पतालों में मेडिकल पैनल बनाने का आदेश     |   UP: सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर मस्जिद हटेगी, 30 दिन का दिया गया समय     |   पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए बीजेपी के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए     |   पश्चिम बंगाल से सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक राज्यसभा सांसद चुने गए     |   बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा घोटाला: BKTC के पूर्व टेंपल अधिकारी को SIT ने किया गिरफ्तार     |  

PM मोदी ने चंडीगढ़ को दी 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात, बोले- विकास का लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ का विकास केवल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी इसका लाभ मिलता है।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ भारत में नियोजित (प्लान्ड) विकास का एक आदर्श मॉडल है और एनडीए सरकार ने हमेशा इसके विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, "चंडीगढ़ सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि भारत के लिए विकास का मॉडल है। यह बेहतर जीवनशैली, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और सुनियोजित विकास के लिए जाना जाता है।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। पीएम मोदी ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चंडीगढ़ को हाईटेक शहर बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसी कई परियोजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि इस मिशन पर 2,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि औपनिवेशिक दौर के कानूनों की जगह लाई गई भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) का क्रियान्वयन सबसे पहले चंडीगढ़ से शुरू हुआ था। उन्होंने इसे देश की न्याय व्यवस्था में बड़ा सुधार बताया। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था की वैश्विक छवि बदली है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारत ने दुनिया से मदद नहीं मांगी, बल्कि कई देशों की सहायता की। आज दुनिया भर से लोग इलाज के लिए भारत आ रहे हैं। चंडीगढ़ पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और राज्य में 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद वे पंजाब के जालंधर के लिए रवाना हुए।