पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कर्नासुबर्णा रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रेन की चपेट में आने से स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। सुबह करीब 7 बजे स्कूल वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान कर्नासुबर्णा रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन कई बार घूम गई और उसमें सवार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि संबंधित मंत्री अस्पताल पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं, जबकि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य पुलिस ने रेलवे गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई घायल बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा पश्चिम बंगाल अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत बेहद दुखद है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे भी इस दुर्घटना की अलग से जांच करेगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।