Breaking News

पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |   आज से दो दिन गुजरात के दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   छत्तीसगढ़ में ‘अर्णब’ का कहर, पेंड्रा में धान की फसल बर्बाद; स्कूल-आंगनवाड़ी बंद     |  

Bengal: पीएम मोदी की रैली में जा रहे तीन लोगों की मौत, ट्रेन की चपेट में आने से हुआ हादसा

West Bengal: पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के ताहिरपुर में शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी की रैली में शामिल होने के लिए जा रहे तीन लोगों की घने कोहरे के बीच ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने ये जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना पूर्वी रेलवे के सियालदह-कृष्णानगर खंड के अंतर्गत ताहिरपुर और बढ़कुल्ला रेलवे स्टेशन के बीच हुई। घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण मोदी का हेलीकॉप्टर ताहिरपुर में नहीं उतर सका। उन्होंने कोलकाता हवाई अड्डे से अपने वर्चुअल संबोधन में ‘बीजेपी कार्यकर्ताओं’ की मौत पर शोक व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि रैली में जाते समय कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की रेल दुर्घटना में मृत्यु हो गई। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह के समय तब हुई जब बस से यात्रा कर रहे ये लोग बस रोककर रेलवे पटरी की तरफ नित्यकर्म के लिए गए। उन्होंने कहा, ‘‘तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’

अधिकारी ने कहा कि मामूली रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि सुबह घने कोहरे के कारण वे सामने से आ रही ट्रेन को नहीं देख पाए होंगे।