मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज रात में जगमगाते बाजारों की रोशनी व्यापारी के विश्वास का प्रतीक है। वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं, लेकिन आज प्रदेश में बाजार रात में भी खुले रहते हैं और कारोबार के विस्तार के नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर प्रदेश में आए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार की नहीं, बल्कि व्यापारी के विश्वास का प्रकाश भी है।
नाइट शिफ्ट में काम कर रहीं महिलाएं, बढ़ा आत्मविश्वास
सीएम योगी ने कहा कि नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर जिम्मेदारियां निभाती मातृशक्ति का आत्मविश्वास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी।
वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के बाद व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। अब सुरक्षित वातावरण में महिलाएं अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर आगे बढ़ रही हैं।
जीरो टॉलरेंस नीति से मजबूत हुई कानून-व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की इस स्थिति को बदला है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
आज बाजार रात में भी खुले रहते हैं। व्यापारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के नए अवसर मिल रहे हैं। साथ ही महिलाएं भी बिना भय के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
महिला श्रम बल भागीदारी 13 से बढ़कर 36 प्रतिशत
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। यह महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने इसे सुरक्षा से समृद्धि की ओर बढ़ते नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया। उनके अनुसार, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है, बल्कि महिलाओं के लिए रोजगार और आर्थिक भागीदारी के नए अवसर भी तैयार हुए हैं।