Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

धनतेरस पर PM मोदी, अमित शाह और CM योगी ने दी देशवासियों को बधाई, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की

देशभर में आज धनतेरस का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

पीएम मोदी ने भगवान धन्वंतरि से की सुख-स्वास्थ्य की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान धन्वंतरि का आशीर्वाद लेते हुए कामना की कि हर किसी का जीवन खुशियों, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से रोशन रहे।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि हर घर में खुशी और उत्साह का दीपक हमेशा जलता रहे। इसके साथ ही उन्होंने भगवान धन्वंतरि की स्तुति में संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया।

अमित शाह ने दी धनतेरस की बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी धनतेरस के पावन पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक है। भगवान धन्वंतरि सभी को सुख, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करें।

सीएम योगी ने स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने की अपील की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस और भगवान धन्वंतरि जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने लोगों से त्योहार के दौरान स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के बनाए उत्पाद खरीदने की अपील की।

सीएम योगी ने कहा कि धनतेरस समृद्धि, शुभता और खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों का जिक्र करते हुए कहा कि भदोही के विश्व प्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज की मूंज कला, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के लकड़ी के खिलौने प्रदेश की अनोखी पहचान हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश का निर्यात 2016-17 में 84 हजार करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। यह प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों की मेहनत और हुनर को दर्शाता है।

ODOP उत्पादों को उपहार में देने की अपील

मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' विजन को आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि लोग धनतेरस पर उपहार के रूप में एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के सामान खरीदें।

उन्होंने कहा कि आपकी एक छोटी सी खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के घर में आत्मनिर्भरता और सम्मान का दीप जला सकती है। सभी लोग 'लोकल दिवाली' मनाएं और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाने में योगदान दें। सीएम योगी ने एक अन्य संदेश में माता लक्ष्मी के आशीर्वाद से सभी के जीवन में संतोष, प्रेम, खुशियां और सौभाग्य आने की कामना की।

दिल्ली के उपराज्यपाल ने भी दी शुभकामनाएं

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी देशवासियों को धनतेरस की बधाई दी। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व हर घर में अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां लेकर आए। साथ ही लोगों में देश की सेवा के प्रति नया उत्साह और समर्पण पैदा हो।

धनतेरस से पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत होती है। इसके बाद छोटी दिवाली, मुख्य दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज मनाई जाती है। धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है। इस दिन सोना, चांदी और बर्तन खरीदना भी शुभ माना जाता है।