Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंगा नदी पर बने छह लेन के पुल का सोमवार को उद्घाटन कर दिया। ये पुल राज्य की राजधानी पटना को राघोपुर से जोड़ेगा। राघोपुर राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का गढ़ है। नीतीश कुमार ने शहर के पूर्वी छोर पर स्थित कच्ची दरगाह मस्जिद के पास फीता काटकर 4.57 किलोमीटर लंबे पुल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष नवल किशोर यादव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के बाद, मुख्यमंत्री राघोपुर गए, जो विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है। वैशाली जिले में पड़ने वाले राघोपुर में, कुमार का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। लोगों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बात भी की और कहा कि ‘‘राघोपुर दियारा (नदी क्षेत्र) के लोग, जो पहले पटना आने के लिए गंगा पार नावों पर निर्भर थे, उन्हें इससे काफी फायदा होगा।’’
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री यादव कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह आरजेडी कार्यालय में थे, जहां लालू प्रसाद ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में फिर से चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। तेजस्वी यादव, उनकी मां राबड़ी देवी और प्रसाद कई बार राघोपुर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।हालांकि, बिहार में आरजेडी की सहयोगी कांग्रेस ने कहा कि इस परियोजना को ‘‘महागठबंधन सरकार ने 2015 में ही मंजूरी दे दी थी’’, जब दोनों पार्टियां मुख्यमंत्री के जनता दल (यूनाइटेड) के साथ सत्ता साझा कर रही थीं।