Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

12 मई को असम में नई सरकार का शपथ ग्रहण, PM मोदी होंगे शामिल

असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित गुवाहाटी दौरे की तैयारियों की समीक्षा को लेकर डीजीपी, असम के साथ एक व्यापक बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में नव-निर्वाचित मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

असम के मुख्य सचिव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यह समारोह 12 मई को वेटरिनरी फील्ड, खानापारा में आयोजित होगा, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और उद्योग जगत के प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।” उन्होंने आगे बताया कि बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, प्रोटोकॉल और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने कहा, “सभी संबंधित विभागों को उच्च स्तर की तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समारोह सुचारु, सुरक्षित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।” इस बीच, भाजपा नेता दिलीप सैकिया ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सह-पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 मई को गुवाहाटी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, “10 मई को गुवाहाटी में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद एनडीए की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे।”

बुधवार को असम के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपना इस्तीफा राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सौंप दिया, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी को असम के अगले मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया की निगरानी के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

असम विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शानदार जीत दर्ज की। एनडीए ने कुल 102 सीटें हासिल कीं, जबकि विपक्ष को 75 सीटें मिलीं। भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी एजीपी और बीओपीएफ ने 10-10 सीटें हासिल कीं। वहीं विपक्षी गठबंधन ‘मित्रजूट’ में कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं, राइजोर दल को 2 सीटें मिलीं, जबकि एजेपी अपना खाता भी नहीं खोल सकी। एआईयूडीएफ ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की।